वंशीधर भगत , विशन सिंह चुफाल, स्वामी यतीश्वरानंद और गणेश जोशी मंत्रीमंडल में
भारतनमन/ देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में चार नये मंत्रियों वंशीधर भगत, विशन सिंह चुफाल, स्वामी यतीश्वरानंद और गणेश जोशी सहित 11 मंत्रियों को आज शाम राजभवन में शपथ दिलाई गयी। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत मंत्रीमंडल में शामिल मदन कौशिक को छोड़कर सभी नेताओं को पुनः कैबिनेट में शामिल किया गया। मदन कौशिक को आज ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज अपनी कैबिनेट का गठन कर दिया। मंत्रीमंडल में शामिल किये गये सभी 11 मंत्रियों को आज शाम राजभवन में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शपथ दिलाई। जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई उनमें पूर्व में त्रिवेन्द्र रावत मंत्रीमंडल में रहे सतपाल महाराज, डाॅ धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, यशपाल आर्य, डाॅ हरक सिंह रावत, अरविंद पांडे तथा रेखा आर्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री तीरथ की कैबिनेट में चार नये चेहरे भी शामिल किये गये। इनमें वंशीधर भगत, विशन सिंह चुफाल, स्वामी यतीश्वरानंद और गणेश जोशी को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी मंत्रियों को बधाई दी
इस बीच विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड सरकार के नए मंत्रिमंडल के गठन पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करने वाले सभी 11 मंत्रियों को अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नए मंत्रिमंडल में शामिल हुए 8 कैबिनेट मंत्रियों एवं तीन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) से मिलकर अपनी शुभकामनाएं दी।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नया मंत्रिमंडल मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदेश के विकास में अपना अहम योगदान देंगे।
श्री अग्रवाल ने कहा कि सभी मंत्रीगण प्रदेश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों का पूर्ण ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने नए मंत्रिमंडल में शामिल हुए नए मंत्रियों जिनमें बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, गणेश जोशी एवं स्वामी यतिस्वरानंद को अपनी विशेष शुभकामनाएं दी।
वहीं श्री अग्रवाल ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को भी पुष्पगुच्छ भेंटकर अपनी बधाई प्रेषित की।